Dark Mode
आधुनिकीकरण की ओर रीको के बढ़ते कदम, सेज में मिलेंगी निर्यातकों को नई सुविधाएं

आधुनिकीकरण की ओर रीको के बढ़ते कदम, सेज में मिलेंगी निर्यातकों को नई सुविधाएं

जयपुर। रीको के सीतापुरा, जयपुर स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्र प्रथम एवं द्वितीय में अब सोने एवं हीरे के आभूषणों की गुणवत्ता जांच के लिये अत्याधुनिक मशीनें लगेंगी। रीको द्वारा दोनों सेज (स्पेशल इकोनॉमिक जोन) के लिए दो-दो कैरेट मीटर, एक्स-रे मशीन तथा सिंथ डिटेक्ट मशीन खरीदी जाएंगी। इनकी अनुमानित लागत लगभग 1.83 करोड़ रुपये है। जल्द ही मशीनों की खरीद एवं स्थापना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इनके माध्यम से उत्पादों की प्रभावी जांच, सोने की शुद्धता का परीक्षण तथा प्राकृतिक और लैब-ग्रोन (कृत्रिम) हीरों की सटीक पहचान संभव हो सकेगी। सीतापुरा सेज प्रदेश के प्रमुख रत्न एवं आभूषण निर्यात केंद्रों में सम्मिलित है। वर्तमान में सेज-1 में 33 तथा सेज-2 में 119 इकाइयां संचालित हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में दोनों सेज से करीब 8,565 करोड़ रुपये का निर्यात हुआ तथा सेज में निवेश 294 करोड़ रुपये है। दोनों सेज में लगभग 39,000 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। आधुनिक जांच सुविधाओं के उपलब्ध होने से स्वर्ण एवं हीरा-आभूषणों की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी, तथा राज्य के राजस्व हितों की भी बेहतर सुरक्षा हो सकेगी।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत रीको सेज में भूमि हस्तांतरण होगा आसान
राज्य सरकार का विशेष फोकस ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर है जिसके तहत नियमों एवं प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में रीको ने सीतापुरा स्थित विशेष आर्थिक क्षेत्रों में कार्यरत औद्योगिक इकाइयों को राहत प्रदान की है। इन क्षेत्रों में अब नाम परिवर्तन, शेयरहोल्डिंग पैटर्न में बदलाव, बिजनेस ट्रांसफर, मर्जर, डी-मर्जर , पुनर्गठन व कंपनी में निदेशकों में सरलता से परिवर्तन हो सकेंगे। उद्योगों के संचालन को अधिक सरल, पारदर्शी एवं निवेश-अनुकूल बनाने हेतु वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय र के दिशानिर्देशों के अनुरूप रीको ने रीको डिस्पोज़ल ऑफ लैंड रूल्स, 1979 में यह प्रावधान किये हैं। भूमि हस्तांतरण रीको डिस्पोज़ल ऑफ लैंड रूल्स, 1979 के प्रावधानों के अनुरूप होगा। इस पहल से उद्यमियों को नए निवेशक एवं साझेदार लाने में आसानी होगी। राज्य में निवेश आकर्षित होगा तथा उद्यमियों को परियोजना स्थापित करने एवं संचालन में सुविधा होगी।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!