Dark Mode
दो-संतान नियम में बदलाव के लिए आज राजस्थान कैबिनेट की बैठक

दो-संतान नियम में बदलाव के लिए आज राजस्थान कैबिनेट की बैठक

जयपुर| राजस्थान में आज शाम मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। बैठक के बाद मंत्रिपरिषद की बैठक भी आयोजित की जाएगी। नए साल से ठीक पहले होने वाली इस बैठक में कई बड़े और अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है। इनमें सबसे प्रमुख मुद्दा पंचायत चुनावों में लागू दो-संतान नियम में छूट को लेकर है। सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि क्या पंचायत चुनावों में दो संतान के नियम को हटाया जाए या उसमें कुछ राहत दी जाए। वर्तमान नियम के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति की 1 जून 1995 के बाद दो से अधिक संतान हैं, तो वह सरपंच, पंचायत समिति सदस्य या जिला परिषद सदस्य का चुनाव नहीं लड़ सकता। यदि चुनाव जीतने के बाद यह तथ्य छिपाने का खुलासा होता है, तो संबंधित जनप्रतिनिधि को पद से हटा दिया जाता है। सूत्रों के अनुसार, आज की कैबिनेट बैठक में इस नियम को लेकर गंभीर चर्चा हो सकती है। यदि सरकार इस पाबंदी में ढील देती है, तो आगामी पंचायत चुनावों में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं और बड़ी संख्या में नए प्रत्याशियों को मौका मिल सकता है।
इसके अलावा बैठक में युवा नीति को मंजूरी, तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए भूमि आवंटन जैसे अहम प्रस्तावों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है। कैबिनेट बैठक का एजेंडा मंगलवार दोपहर तक तैयार किया जाएगा।
राजनीतिक हलकों में इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके फैसले सीधे तौर पर ग्रामीण राजनीति और प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!