राजस्थान फेस्टिवल का होगा गरिमामय आयोजन, बैठक में की समीक्षा
बारां। राजस्थान दिवस सप्ताह के अन्तर्गत राजस्थान फेस्टिवल के विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए शुक्रवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को गरिमामय आयोजन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक मे एडीएम जनागल ने कहा कि राजस्थान फेस्टिवल के अन्तर्गत 14 मार्च से स्वच्छता कार्यक्रम के साथ शुरू होने वाले राजस्थान दिवस सप्ताह के सभी कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने के साथ इनमें अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 15 मार्च को सुबह होने वाले विकसित रन में सभी विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों आवश्यक रूप से उपस्थिति रहे। युवाओं, खिलाड़ियों आदि की भी इसमें भागीदारी रहे। यह रन चारमूर्ति चौराहा, प्रताप चौक, धर्मादा चौराहा, अस्पताल रोड, रेलवे ऑवर ब्रिज के नीचे से होते हुए वापस खेल संकुल कोटा रोड पहुंचकर समाप्त होगा। एक जिला एक उत्पाद मेला व प्रदर्शनी में स्टॉलों की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो। विद्यालयों व महाविद्यालयों में निबंध, भाषण व चित्रकारी के कार्यक्रम का सुव्यवस्थित आयोजन हो। राजस्थान को जाने डिजिटल क्विज में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन कराया जाए। रोजगार उत्सव व राजकीय मंदिरों में आरती के कार्यक्रम की भी बेहतर व्यवस्थाएं की जाए। वहीं 19 मार्च को सायंकाल राम स्टेडियम में आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रखे जाए। मेलखेड़ी रोड स्थित टाउन हॉल में जिला स्तर पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में मथुरा के मयूर नृत्य, शेखावाटी के गींदड़ नृत्य, भपंग वादन चकरी नृत्य आदि की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। इसके सुव्यवस्थित और प्रभावी आयोजन की तैयारियां की जाए। सभी कार्यक्रमों के दौरान ट्रैफिक के व्यवस्थित आवागमन, प्राथमिक चिकित्सा व पार्किंग आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला परिषद के सीईओ राजवीर सिंह चौधरी व पुलिस उप अधीक्षक हरिराम सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।