Dark Mode
राहुल गांधी बोले- एकजुट आवाज उठे तो सरकार झुकती है

राहुल गांधी बोले- एकजुट आवाज उठे तो सरकार झुकती है

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रयागराज में शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले युवाओं के नाम वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपनी समस्याओं के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। राहुल ने दावा किया कि जब आवाज एक साथ उठती है तो सरकार को झुकना पड़ता है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रयागराज आने की जानकारी देते हुए कहा कि यह शहर बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत में कोई कमी नहीं है, लेकिन व्यवस्था उनकी मेहनत का उचित परिणाम नहीं दे रही है।

उन्होंने पेपर लीक, लंबित भर्तियों और नियुक्तियों के लिए वर्षों तक इंतजार करने का मुद्दा उठाया। राहुल ने कहा कि छात्रों के सामने सबसे बड़ा सवाल उनके भविष्य और रोजगार का है, जबकि इन समस्याओं के लिए जवाबदेही तय नहीं हो रही है।

कांग्रेस नेता ने अपने संदेश में कोटा और देहरादून में छात्रों की ओर से उठाई गई आवाज का भी उल्लेख किया। उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को सिर्फ सवाल पूछने के लिए परेशान नहीं किया जाना चाहिए। राहुल ने दावा किया कि लगातार उठी आवाज के बाद एक मंत्री को पद छोड़ना पड़ा।

राहुल गांधी ने कहा कि वह प्रयागराज में छात्रों से सीधे बातचीत करने और रोजगार तथा नौकरियों की स्थिति पर चर्चा करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज के भारत में छात्रों को पढ़ाई और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर भविष्य की जरूरत है और इस स्थिति को मिलकर बदलना होगा।

वीडियो संदेश में एक छात्र की ओर से भेजा गया संदेश भी राहुल गांधी ने पढ़कर सुनाया। छात्र ने उनसे प्रयागराज आने और छात्रों की समस्याएं सुनने की अपील की थी। इसके जवाब में राहुल ने कहा कि वह छात्रों की बात सुन रहे हैं और उनकी समस्याओं को समझने के लिए प्रयागराज पहुंच रहे हैं।

राहुल गांधी ने युवाओं की ऊर्जा को बदलाव का आधार बताते हुए कहा कि उनकी आवाज के साथ मिलकर रोजगार और शिक्षा से जुड़ी समस्याओं का समाधान तलाशा जा सकता है। उन्होंने छात्रों से शनिवार के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!