Dark Mode
विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर आमजन को किया जागरूक

विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर आमजन को किया जागरूक

जयपुर। विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने रविवार को प्रातः काल जवाहर सर्किल पर आमजन को खाद्य सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं के बारे में जागरूक किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि टीम द्वारा जवाहर सर्किल पर सुबह मॉर्निंग वॉक पर आये लगभग 800-1000 नागरिको को फूड सेफ्टी के विषय में जानकारी दी गई। इसके लिए विभाग द्वारा आमजन हेतु तैयार की गई आई ई सी सामग्री के रूप में पैंफलेट, ब्रोशर एवं घर बैठे खाद्य सामग्री में मिलावट का पता करने हेतु डार्ट बुक वितरित की गई। फूड सेफ्टी ऑन व्हील मोबाइल टेस्टिंग लैब में खाद्य पदार्थों में मिलावट चैक करने की विधि बताई गई। दूध, मावा, पनीर, मसालों के 15 नमूनों में मिलावट की जांच की गई। फूड सेफ्टी पर संगोष्ठी आयोजित की गई जिसमें संयुक्त आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉक्टर वी पी शर्मा ने इस वर्ष के खाद्य सुरक्षा दिवस की थीम *"चुनौतियों से समाधान की ओर:सभी के लिए सुरक्षित भोजन"* पर लोगों को ईट राइट इंडिया कार्यक्रम, गुड फूड-बैड फूड की जानकारी देते हुए मोटे अनाज के सेवन को बढ़ावा देने एवं तेल, चीनी, नमक का सेवन कम करने, जीवन शैली में खानपान में बदलाव कर बीमारियों से दूर रहने के बारे में बताया। आमजन को छाछ, मिलेट से तैयार बिस्किट, चॉकलेट बार, मुरमुरे आदि का वितरण कर दैनिक खानपान में मिलेट को अपनाने का संदेश दिया गया। टीम द्वारा जवाहर सर्किल स्थित चौपाटी की लगभग दो दर्जन फूड स्टॉल का सघन निरीक्षण कर स्टॉलधारियों को अच्छी खाद्य सामग्री उपयोग में लेने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, फूड लाइसेंस प्रदर्शित करने, तेज गर्मी को देखते हुए आलू, मैदा आदि से तैयार सामग्री को ठंडी जगह रखने एवं दो घंटे बाद उपयोग में नहीं लेने हेतु पाबंद किया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान, रमेश यादव, नंद किशोर कुमावत, अवधेश गुप्ता एवं राजेश नागर एवं प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!