जैसलमेर में मतगणना की तैयारी पूरी, कार्मिकों को मिला प्रशिक्षण
जैसलमेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जैसलमेर नगर परिषद और पोकरण नगर पालिका में हुए वार्ड सदस्य चुनाव की मतगणना को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दोनों निकायों की मतगणना सोमवार, 14 सितंबर को सुबह 8 बजे एसबीके राजकीय महाविद्यालय जैसलमेर में शुरू होगी।
जैसलमेर नगर परिषद के 44 वार्ड सदस्यों और पोकरण नगर पालिका के 25 वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए नियुक्त मतगणना पर्यवेक्षकों और गणना सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में दक्ष प्रशिक्षकों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई।
प्रशिक्षकों ने कार्मिकों से कहा कि वे मतगणना स्थल पर निर्धारित समय से पहुंचे और उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएं। मतगणना प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। कार्मिकों को निर्देश दिए गए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
प्रशिक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की कंट्रोल यूनिट को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि कंट्रोल यूनिट को इस तरह रखा जाए कि मतगणना अभिकर्ताओं को वह आसानी से दिखाई दे। इसके बाद सील खोलने की प्रक्रिया भी गणना अभिकर्ताओं के सामने नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षकों ने कंट्रोल यूनिट पर लगी सभी सीलों की सावधानीपूर्वक जांच करने के बाद ही उन्हें खोलने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही गणना सहायकों को कंट्रोल यूनिट के कैरिंग केस पर लगे एड्रेस टैग को भी मतगणना अभिकर्ताओं के सामने खोलने के बारे में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में मतगणना पर्यवेक्षकों और गणना सहायकों ने पूरी प्रक्रिया को समझा और अपनी शंकाओं को लेकर प्रशिक्षकों से सवाल किए। प्रश्नोत्तर के माध्यम से कार्मिकों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया, ताकि मतगणना के दिन किसी तरह की असमंजस की स्थिति न रहे।
प्रशासन की ओर से कार्मिकों को स्पष्ट किया गया कि मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार पूरी की जानी है। अधिकारियों को उम्मीद है कि प्रशिक्षित कार्मिक अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए मतगणना कार्य को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएंगे।