राजस्थान में राज्यसभा चुनाव की तैयारी तेज, 1 जून से शुरू होगी प्रक्रिया
जयपुर। राजस्थान में राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में तीन सीटों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया एक जून से शुरू होने जा रही है। इसके लिए राजस्थान विधानसभा में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और पूरा कार्यक्रम भी तय कर दिया गया है।
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्र विधानसभा भवन के कक्ष संख्या 106 में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष जमा किए जाएंगे। नामांकन जमा करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रखा गया है।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 जून को दाखिल किए गए पत्रों की जांच की जाएगी। इसके लिए विधानसभा भवन के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या 751 तय किया गया है। वहीं उम्मीदवार 11 जून को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस भी ले सकेंगे।
राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा में कक्ष संख्या 112 भी निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू ढंग से पूरा कराने के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर भारत भूषण शर्मा के अनुसार अगर मतदान की स्थिति बनती है तो 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना शुरू होगी और नतीजे सामने आएंगे।
राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों के लिए होने वाला यह चुनाव राजनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है। ऐसे में अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और आगे के चुनावी समीकरणों पर टिकी रहेंगी।