Dark Mode
विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों में अभिभावकों की हो समुचित भागीदारी : सुराणा

विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों में अभिभावकों की हो समुचित भागीदारी : सुराणा

जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिला निष्पादन समिति तथा मिड डे मील की समीक्षा बैठक में शिक्षा अधिकारियों को दिए समुचित निर्देश

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार (आपणी योजना) में जिला निष्पादन समिति तथा मिड डे मील की समीक्षा बैठक में जिले में शिक्षण व्यवस्थाओं व गतिविधियों की समीक्षा कर शिक्षा अधिकारियों को समुचित दिशा— निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षिक गतिविधियों में विद्यार्थियों के अभिभावकों की समुचित भागीदारी हो। बच्चों के सीखने के स्तर, उनकी कक्षा—कक्ष गतिविधियों तथा सहगामी गतिविधियों में के बारे में अभिभावकों को समुचित जानकारी दी जाए तथा निरंतर उन्नयन हेतु प्रोत्साहित किया जाए। अभिभावकों से विद्यार्थियों द्वारा घर पर सीखने वाले कार्यों व गतिविधियों को लेकर चर्चा करें। उन्होंने शिक्षा रैंकिंग की चर्चा करते हुए कहा कि सभी पैरामीटर में समानांतर प्रगति आए तथा जिन पैरामीटर पर जिले की परफॉर्मेंस न्यून है, उनमें अपेक्षित सुधार लाया जाए। इसके लिए सभी सीबीईओ अपने ब्लॉक के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रभारी के साथ समन्वय करें तथा प्रत्येक पैरामीटर पर समुचित मॉनीटरिंग करें। जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रीष्मकाल अवकाश के दौरान जिले में सेमी — रेजिडेंशियल बूट कैंप के आयोजन को लेकर समुचित कार्य योजना बनाई जाए। बूट कैंप के लिए जिलेभर से विद्यार्थियों को आई स्टार्ट लांचपैड, इन्क्यूबेशन सेंटर पर आईटी गतिविधियों व एंटरप्रेन्योरशिप की दिशा में प्रेरित काम किया जाए।

परीक्षाओं के आयोजन को लेकर उन्होंने सभी सीबीईओ से चर्चा करते हुए कहा कि सभी परीक्षाएं समयबद्ध व प्रबंधित ढंग से संचालित हों। इसी के साथ पांचवी, आठवीं एवं विद्यालयों में अन्य कक्षाओं की परीक्षाओं का प्रभावी ढंग से प्रबंधन करते हुए समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित किया जाए। स्कूलों में संचालित आरआरआर सेंटर के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि इको क्लब के माध्यम से आयोजित की जाने वाली सभी गतिविधियां समायोजित रूप से संचालित हो और इनमें विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाई जाए। इसी के साथ सभी शिक्षा अधिकारी अपने निरीक्षण पूरे करें तथा रैंकिंग में जिन विद्यालयों में सुधार की आवश्यकता है, उनमें अपेक्षित सुधार लाएं। आगामी सत्र में नामांकन वृद्धि पर विशेष फोकस करें। सभी शारीरिक शिक्षकों के समन्वय से 'एक पंचायत— एक खेल' के क्रियान्वयन को लेकर संकल्पित प्रयास करें। जिला कलक्टर ने एसडीआरएफ तथा स्कूल भवन मरम्मत को लेकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बैठक में मुख्यमंत्री शिक्षित राजस्थान अभियान, पुस्तक अभिरुचि प्रतियोगिता, व्यावसायिक शिक्षा, पीएम विद्यालय प्रगति, भवन मरम्मत कार्य, केजीबीवी, शिक्षा रैंकिंग, मिड डे मील, साक्षरता अभियान सहित बिंदुओं की समीक्षा कर समुचित निर्देश दिए। सीडीईओ संतोष कुमार महर्षि ने बैठक कार्यवाही का संचालन करते हुए सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान डीईओ माध्यमिक किशनलाल गहनोलिया, डीईओ प्रारंभिक ओमप्रकाश प्रजापत, एडीपीसी सरिता आत्रेय सहित सीबीईओ एवं शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!