Dark Mode
पंत की कप्तानी सुरक्षित, संजीव गोयनका ने अफवाहों पर लगाया विराम

पंत की कप्तानी सुरक्षित, संजीव गोयनका ने अफवाहों पर लगाया विराम

नई दिल्ली। लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने कप्तान ऋषभ पंत को लेकर चल रही सभी अफवाहों को गलत बताया है। हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि आईपीएल 2026 से पहले पंत को कप्तानी से हटाया जा सकता है, लेकिन गोयनका ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने साफ कहा कि ये सिर्फ 'फेक रिपोर्ट्स' हैं और टीम का पंत पर पूरा भरोसा है। गोयनका ने पंत के स्वभाव और समर्पण की तारीफ करते हुए उन्हें आने वाले सीजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "ऋषभ पंत की कप्तानी के बारे में अटकलों को पढ़ा था और मुस्कुराया था। हमने उनके कैरेक्टर और कमिटमेंट को जानने के लिए साथ में काफी समय बिताया है। आपका सीजन शानदार हो, कप्तान।" दरअसल, आईपीएल 2025 में पंत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। लखनऊ ने उन्हें मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके चलते उनसे काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, पंत बल्ले से बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए थे। वह 13 मैचों में सिर्फ 269 रन ही बना सके थे और उनके प्रदर्शन पर सवाल खड़े किए गए थे। यही कारण था कि ऐसी भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि लखनऊ टीम आईपीएल 2026 में पंत की जगह पर नया कप्तान चुन सकती है।
आईपीएल 2025 के दौरान भी ऐसी ही एक खबर सामने आई थी, जब पंत ने स्थिति को संभाला था। एक 'एक्स' यूजर ने सुझाव दिया कि पंत को आईपीएल 2026 सीजन से पहले ड्रॉप किया जा सकता है क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिकों का मानना है कि उनकी कीमत सही नहीं है। एलएसजी के कप्तान ने इस यूजर को जवाब देते हुए उनसे झूठी बातें फैलाने से पहले थोड़ी समझदारी और भरोसे का इस्तेमाल करने की अपील की थी।
गोयनका के इस बयान से यह साफ हो गया है कि टीम मैनेजमेंट पंत के साथ खड़ा है और उन्हें कप्तान के तौर पर पूरा समर्थन मिल रहा है। अब सभी की नजरें आईपीएल पर हैं, जहां पंत अपने प्रदर्शन से खुद को साबित करना चाहेंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स इस सीजन अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ के इकाना स्टेडियम में करेगी। पंत के करियर के लिहाज से आईपीएल 2026 के लिए उनके लिए काफी अहम होगा।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!