Dark Mode
पंचायतीराज आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा

पंचायतीराज आम चुनाव-2026: जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा

सवाई माधोपुर। आगामी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की तैयारियों के संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रकोष्ठवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी प्रकोष्ठ राज्य निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें। प्रकोष्ठ प्रभारियों को कार्मिकों की आवश्यकता के अनुसार ड्यूटी लगाने तथा उनके कार्य एवं दायित्व स्पष्ट रूप से निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आदर्श आचार संहिता लागू होने पर उसकी प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन से संबंधित मामलों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। निर्वाचन संबंधी शिकायतों एवं प्रकरणों का त्वरित संज्ञान लेते हुए तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। निर्वाचन गतिविधियों में शामिल अधिकारियों एवं कार्मिकों को किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने के निर्देश:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य में गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को आयोग के निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने निर्वाचन गतिविधियों में संलग्न अधिकारियों एवं कार्मिकों को किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार नहीं करने एवं राजनैतिक गतिविधियों से दूर रहने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वीप गतिविधियां प्रारंभ कर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुरूप ही कार्मिकों की नियुक्ति के निर्देश:- जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विभिन्न प्रकोष्ठों एवं रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में आवश्यकता से अधिक कार्मिक नियुक्त नहीं किए जाएं। शिक्षा विभाग से कार्मिकों की नियुक्ति करते समय विशेष सावधानी बरतते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्वाचन कार्य के लिए अतिरिक्त कार्मिक लेने से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित नहीं हो। संबंधित प्रकोष्ठ का कार्य पूर्ण होने के बाद कार्मिकों को आवश्यक रूप से कार्यमुक्त कर तत्काल उनके मूल विभाग में भेजना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी आदेशों एवं निर्देशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्वाचन विभाग एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अध्ययन करने तथा संबंधित नोडल अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा सहित विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!