पंचायतीराज आम चुनाव-2026 : नामांकन से मतगणना तक प्रत्येक प्रक्रिया नियमों के अनुरूप संपादित कराएं अधिकारी : जिला निर्वाचन अधिकारी
डीग। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मयंक मनीष ने बुधवार को मास्टर आदित्येंद्रजी राजकीय महाविद्यालय, डीग के राधाकृष्णन सभागार में चल रहे रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिरकत की। प्रशिक्षण के दौरान सरपंच एवं पंच के निर्वाचन से संबंधित नामांकन प्रक्रिया, निर्वाचन संचालन, मतपत्र के माध्यम से मतदान एवं मतगणना तथा उपसरपंच के निर्वाचन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। बुधवार को 135 रिटर्निंग अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जबकि मंगलवार को 207 आरओ को प्रशिक्षण दिया गया था। जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक मनीष ने कहा कि पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है तथा डीग जिले में तृतीय एवं चतुर्थ चरण में चुनाव संपादित कराए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया में रिटर्निंग अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी अधिकारी निर्वाचन से संबंधित नियमों, निर्देशों एवं प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी रखें और प्रत्येक कार्य निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संपादित करें। उन्होंने नामांकन प्रक्रिया पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नामांकन पत्रों की जांच सावधानीपूर्वक की जाए तथा केवल मामूली लेखन संबंधी त्रुटियों के आधार पर नामांकन पत्र निरस्त करने के बजाय नियमानुसार परीक्षण कर निर्णय लिया जाए। नामांकन पत्रों को स्वीकार या निरस्त करने की कार्रवाई निर्धारित नियमों एवं पात्रता संबंधी प्रावधानों के अनुरूप ही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सरपंच एवं पंच के चुनाव में नामांकन से लेकर मतदान एवं मतगणना तक प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी सामग्री एवं उपलब्ध कराई गई पुस्तिकाओं का पूर्ण अध्ययन करने के निर्देश देते हुए कहा कि नियमों को लेकर किसी प्रकार की शंका होने पर जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर से मार्गदर्शन लें। आवश्यकता पड़ने पर अनुभवी रिटर्निंग अधिकारियों से भी समन्वय स्थापित कर शंकाओं का समाधान करें, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की प्रक्रिया संबंधी त्रुटि न हो। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में नामांकन प्रक्रिया, निर्वाचन संपादित कराने, मतपत्र एवं मतपेटी के उपयोग तथा मतगणना की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों को ईवीएम, मतपत्र एवं मतपेटी का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे निर्वाचन के दौरान आवश्यक प्रक्रियाओं को सही तरीके से संपादित कर सकें। उन्होंने मतगणना के समय निर्धारित नियमों के अनुसार ही अधिकृत व्यक्तियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, मतगणना सावधानीपूर्वक कराने तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपसरपंच का निर्वाचन अप्रत्यक्ष प्रक्रिया से होता है, इसलिए संबंधित नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन संबंधी परिस्थितियों में आमजन एवं अभ्यर्थियों को नियमों की जानकारी शांतिपूर्वक समझाते हुए प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाए रखें। आवश्यकता होने पर माह के अंत में रिटर्निंग अधिकारियों का अतिरिक्त प्रशिक्षण भी आयोजित कराया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र परमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।