ओला इलेक्ट्रिक की कमाई आधी, तीसरी तिमाही में 55% गिरावट
मुंबई। इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट की प्रमुख कंपनी Ola Electric ने वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के नतीजे जारी किए, जिनमें कारोबार में बड़ी गिरावट सामने आई है। कंपनी की परिचालन से आय सालाना आधार पर 55.02 प्रतिशत घटकर 470 करोड़ रुपये रह गई, जबकि पिछले वर्ष समान अवधि में यह 1,045 करोड़ रुपये थी।
कुल आय भी फिसलकर 504 करोड़ रुपये पर आ गई, जो एक साल पहले 1,172 करोड़ रुपये थी। हालांकि घाटा कुछ कम होकर 487 करोड़ रुपये रहा, लेकिन तिमाही आधार पर यह बढ़ा है। सितंबर तिमाही में कंपनी को 418 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
खर्च में जरूर कमी आई है। कुल खर्च 50.76 प्रतिशत घटकर 741 करोड़ रुपये रह गया। खास बात यह है कि उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले मटेरियल की लागत 74 प्रतिशत घटकर 223 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले साल 867 करोड़ रुपये थी। जानकारों का मानना है कि लागत में यह कमी उत्पादन में गिरावट की ओर भी इशारा करती है।
शेयर बाजार में भी दबाव जारी है। कंपनी का शेयर 0.26 प्रतिशत गिरकर 30.9 रुपये पर बंद हुआ और दिन के दौरान 52 हफ्तों का नया निचला स्तर 30.41 रुपये छू लिया। पिछले एक साल में शेयर करीब 51.90 प्रतिशत टूट चुका है।
कंपनी ने हाल ही में लगभग 5 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी। प्रबंधन का कहना है कि यह कदम संगठन को अधिक कुशल बनाने और दीर्घकालिक लाभप्रद विकास की दिशा में उठाया गया है। कंपनी ‘हाइपरसर्विस’ मॉडल के जरिए ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने पर फोकस कर रही है और दावा है कि 80 प्रतिशत से अधिक सेवा अनुरोधों का समाधान उसी दिन किया जा रहा है।