Dark Mode
राजस्थान में रातें हुईं ठंडी, दिन के तापमान में भी गिरावट

राजस्थान में रातें हुईं ठंडी, दिन के तापमान में भी गिरावट

जयपुर। राजस्थान में मौसम में बदलाव का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को तापमान में गिरावट के साथ रात के समय ठंडक बढ़ गई। प्रदेश के पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान करीब 14.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं दक्षिणी राजस्थान के कई जिलों में भी रात के तापमान में गिरावट आने से गुलाबी ठंडक महसूस होने लगी है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार उदयपुर में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस, डूंगरपुर में 19.6, सिरोही में 18.9 और प्रतापगढ़ में 19.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। इन क्षेत्रों में सुबह और देर रात मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहने लगा है। इधर, पश्चिमी राजस्थान में भी दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर, फलोदी, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया। इससे पिछले दिनों की तेज गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, अगले सप्ताह मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार 12 अक्टूबर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में भी गिरावट आ सकती है और प्रदेश में ठंडक का असर बढ़ने की उम्मीद है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!