पीजी दीक्षांत समारोह में नव चिकित्सकों को मिला समाजसेवा का संकल्प
झालावाड़। राजकीय मेडिकल कॉलेज में शनिवार को पीजी बैच 2019, 2020, 2021 और 2022 का दीक्षांत समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। समारोह में नव चिकित्सकों को डिग्रियां एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए और उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर सीखने की इच्छा व्यक्ति को सफलता के नए आयाम तक पहुंचाती है। उन्होंने नव चिकित्सकों से समाजसेवा की भावना के साथ मरीजों की सेवा करने और अपने ज्ञान का उपयोग मानव कल्याण के लिए करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये युवा चिकित्सक प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।
विशिष्ट अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि एक अच्छा डॉक्टर केवल बीमारी का इलाज नहीं करता, बल्कि मरीज की पीड़ा, उसकी भावनाओं और परिस्थितियों को भी समझता है। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता, करुणा और मानवीय व्यवहार ही चिकित्सा सेवा की सबसे बड़ी पहचान हैं।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. संजय पोरवाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति नई जिम्मेदारियों को स्वीकार करने की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को चिकित्सा सेवा, अनुसंधान और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पीजी विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पूर्व टीबी निदेशक डी.के. जैन, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार पटेल, डॉ. शशिकांत अग्रवाल, डॉ. ऋषि दीवान सहित वरिष्ठ चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। वीणा वादन, लोक नृत्य और समूह नृत्य ने उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, चिकित्सक, कर्मचारी और अभिभावक मौजूद रहे। अंत में नव चिकित्सकों के सफल भविष्य और राष्ट्रसेवा की शुभकामनाओं के साथ समारोह का समापन हुआ।