राष्ट्रीय कॉफी दिवस विशेष कॉफी की चुस्कियों के साथ हुई लोकतंत्र की चर्चा एक वोट से बदल सकती है देश की दिशा
बारां। राष्ट्रीय कॉफी दिवस के अवसर पर युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और नव मतदाताओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने के उद्देश्य से अनौपचारिक माहौल में कॉफी की मेज पर मतदान की चर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में राजकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कॉफी एवं अल्पाहार के साथ मतदान के अधिकार, नैतिक मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर विचार साझा किए। इस अवसर पर स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने कहा कि कॉफी से दिन बदलता है, लेकिन एक जागरूक मतदाता का वोट देश की दिशा और लोकतंत्र की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपने मताधिकार को समझने, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और मतदान के समय बिना किसी दबाव, प्रलोभन अथवा भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अलग-अलग समूहों में बांटकर मेरा वोट, मेरा अधिकार, मतदान और लोकतंत्र, नैतिक मतदान सहित विभिन्न विषय दिए गए। विद्यार्थियों ने मतदाता बनने की पात्रता, मतदाता पंजीयन, मतदान के लिए आवश्यक पहचान दस्तावेज, ईवीएम एवं नोटा, केवाईसी तथा सी-विजिल एप्लीकेशन सहित निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर समूह चर्चा की। प्रत्येक समूह के प्रतिनिधि ने चर्चा के निष्कर्ष प्रस्तुत किए। स्वीप प्रभारी अमित भार्गव ने विद्यार्थियों से मतदाता सूची में उनके पंजीयन की जानकारी ली तथा ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम में ईएलसी प्रभारी परमेश्वर जाट का विशेष सहयोग रहा। अनौपचारिक एवं सहज वातावरण में निर्वाचन संबंधी विषयों पर संवाद का विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मतदान करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्राचार्य अजय कुमार मीणा, ईएलसी सहायक प्रभारी डॉ. शिखा शर्मा, सहायक प्रोफेसर मोहिनी सांगवान, रेनू गालव, डॉ. निकिता खींची, डॉ. भावना शर्मा, डॉ. अपर्णा शर्मा, रजनीश गुप्ता, शारीरिक व्याख्याता सीबी शर्मा सहित स्वीप दल के सदस्य, स्टाफ सदस्य तथा ईएलसी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।