अटारी बॉर्डर पर गूंजा राष्ट्रगौरव, पीआईबी के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने देखी रिट्रीट परेड
अमृतसर। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) जयपुर द्वारा आयोजित चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा दौरे के अंतर्गत राजस्थान के वरिष्ठ पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित अटारी बॉर्डर पर आयोजित रिट्रीट परेड का अवलोकन किया। सीमा पर आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने उपस्थित सभी पत्रकारों के मन में राष्ट्रगौरव और देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रबल कर दिया। अटारी बॉर्डर पर आयोजित रिट्रीट परेड के दौरान Border Security Force (बीएसएफ) के जवानों ने अनुशासन, समन्वय और जोश से भरपूर मार्च का प्रदर्शन किया। ऊर्जावान कदमताल, ऊँचे उठते कदम और सटीक तालमेल के साथ किया गया प्रदर्शन दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। राष्ट्रगान और तिरंगे के सम्मान में आयोजित यह समारोह देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इसे एक अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए कहा कि सीमाओं पर तैनात जवानों की सतर्कता, समर्पण और साहस को नजदीक से देखना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूकता भी बढ़ाते हैं। दौरे के दौरान पत्रकारों ने अमृतसर स्थित प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण किया। श्री हरमंदिर साहिब में प्रतिनिधिमंडल ने आध्यात्मिक वातावरण और सेवा परंपरा को निकट से अनुभव किया। इसके पश्चात Partition Museum में विभाजन काल से जुड़े दस्तावेजों, चित्रों और संस्मरणों के माध्यम से देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय की जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने जलियांवाला बाग पहुंचकर शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को समझा। यह प्रेस दौरा केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक और राष्ट्रीय महत्व की पहलों से पत्रकारों को अवगत कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ एवं पंजाब के विभिन्न संस्थानों का भी भ्रमण कर रहा है। यह यात्रा पत्रकारों के लिए जानकारी, अनुभव और राष्ट्रीय चेतना से परिपूर्ण रही।