Dark Mode
जून की शुरुआत राहत भरी, राजस्थान के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट

जून की शुरुआत राहत भरी, राजस्थान के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में जून का आगाज तेज आंधी और बारिश के साथ हुआ है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक मौसम के इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है। बारिश और ठंडी हवाओं के असर से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है।

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम अचानक बदला और दोपहर बाद तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर, नागौर, चित्तौड़गढ़, पाली, टोंक, अलवर और सवाई माधोपुर सहित अनेक जिलों में बारिश दर्ज की गई। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे मौसम और अधिक सुहावना हो गया।

बारिश के बीच कुछ स्थानों पर हादसे भी सामने आए। जैसलमेर के सम सैंड ड्यून्स क्षेत्र स्थित एक रिसोर्ट में तेज आंधी के दौरान ड्रेसिंग रूम की दीवार गिरने से 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य कलाकार घायल हो गए। वहीं बाड़मेर जिले के पाबूसरिया गांव में आंधी के कारण एक टीनशेड कमरा ढह गया, जिसमें पिता-पुत्र घायल हो गए। एक अन्य महिला भी लोहे की एंगल गिरने से घायल हुई।

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा 20 एमएम वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नागौर, अजमेर और टोंक के कुछ इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। फलोदी और नागौर में बारिश के साथ ओले गिरने की भी सूचना मिली।

उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में भारी बारिश से कई दुकानों में पानी भर गया, जबकि कोटा समेत अन्य शहरों में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!