आयरलैंड से सीरीज हारते ही गंभीर पर तंज, आइसलैंड क्रिकेट का वायरल पोस्ट
New Dehli : आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच आइसलैंड क्रिकेट ने भी भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर पर मजाकिया अंदाज में तंज कस दिया।
आइसलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "हम पुष्टि कर सकते हैं कि हम गौतम गंभीर को अपने कोचिंग स्टाफ में शामिल नहीं करना चाहते। हालांकि, उनमें साफ तौर पर टैलेंट है। उन भारतीय खिलाड़ियों के साथ आयरलैंड में ऐसे नतीजे हासिल करना भी एक प्रतिभा है।"
यह पोस्ट भारतीय टीम की सीरीज हार के बाद तेजी से वायरल हो गया और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
दूसरे टी20 मुकाबले में आयरलैंड ने रोमांचक मुकाबले में भारत को एक रन से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। यह पहली बार है जब आयरलैंड ने भारत के खिलाफ कोई टी20 सीरीज जीती है।
मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन बनाए। टीम की ओर से हैरी टेक्टर ने 53 रन की अहम पारी खेली, जबकि बेंजामिन कैलिट्ज ने 37 रन का योगदान दिया।
भारत की ओर से डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, शिवम दुबे और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।
155 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन, कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल भी बड़ी पारी नहीं खेल सके।
हालांकि, तिलक वर्मा ने 55 रन की जुझारू पारी खेलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। अंतिम ओवरों में हर्षित राणा ने 10 गेंदों में 21 रन बनाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन भारतीय टीम एक रन से लक्ष्य से चूक गई।
गौरतलब है कि पहले टी20 मुकाबले में भी आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हराया था, जिसके दम पर उसने सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की।