Dark Mode
इंफोसिस का मुनाफा घटा, नए सीईओ के नाम का भी हुआ ऐलान

इंफोसिस का मुनाफा घटा, नए सीईओ के नाम का भी हुआ ऐलान

मुंबई। देश की प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के वित्तीय नतीजे जारी करते हुए बताया कि तिमाही आधार पर कंपनी का शुद्ध मुनाफा 8.6 प्रतिशत घटकर 7,775 करोड़ रुपये रह गया है। पिछली जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी ने 8,509 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया था।

हालांकि, सालाना आधार पर कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 6,921 करोड़ रुपये था, जिसके मुकाबले इस बार इसमें 12.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

कंपनी की परिचालन आय (रेवेन्यू) भी मजबूत रही। अप्रैल-जून तिमाही में इंफोसिस का रेवेन्यू बढ़कर 48,211 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 42,279 करोड़ रुपये की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है। वहीं, तिमाही आधार पर भी इसमें 3.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

इस दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 38,157 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक वर्ष पहले समान अवधि में यह 33,581 करोड़ रुपये था। तिमाही नतीजों की घोषणा बाजार बंद होने के बाद की गई। इससे पहले एनएसई पर कंपनी का शेयर मामूली गिरावट के साथ 1,052.90 रुपये पर बंद हुआ।

वित्तीय नतीजों के साथ इंफोसिस ने नेतृत्व में बड़े बदलाव की भी घोषणा की। कंपनी के चेयरमैन नंदन नीलेकणी ने बताया कि बोर्ड ने आशीष कुमार डैश को नया सीईओ डिजिग्नेट नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशीष कंपनी के अनुभवी और भरोसेमंद नेताओं में शामिल हैं, जो भविष्य की चुनौतियों और अवसरों का प्रभावी नेतृत्व करने में सक्षम हैं।

नंदन नीलेकणी ने मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ सलिल पारेख के नौ वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कंपनी ने बाजार में अपनी स्थिति मजबूत की, डिजिटल क्षमताओं का विस्तार किया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित रणनीति की मजबूत नींव रखी।

सलिल पारेख ने भी अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में इंफोसिस का वार्षिक रेवेन्यू 10 अरब डॉलर से बढ़कर 20 अरब डॉलर से अधिक हो गया। उन्होंने कहा कि कंपनी ने डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में वैश्विक पहचान बनाई और एआई आधारित सेवाओं में भी मजबूत रणनीतिक बढ़त हासिल की।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!