पोषण पखवाड़ा के तहत पंखुड़ी पोर्टल की जानकारी दी गई
जोधपुर। पोषण अभियान के अंतर्गत अष्टम पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उपनिदेशक श्री रावत राम कड़वासरा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पोषण संबंधी परिणामों में सुधार लाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष सभी लाइन विभागों, सेवा प्रदाताओं एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से पोषण पखवाड़ा आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में अष्टम पोषण पखवाड़ा-2026 का आयोजन देशभर में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। उपनिदेशक, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री कड़वासरा ने 20 अप्रैल की थीम के अंतर्गत ‘पंखुड़ी पोर्टल’ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंखुड़ी पोर्टल महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा 8 जनवरी 2026 को लॉन्च किया गया एक एकीकृत सिंगल-विंडो डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी, गैर-सरकारी संगठनों तथा आम नागरिकों को महिलाओं और बच्चों के विकास, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में भागीदारी के लिए जोड़ता है। बैठक में जिला समन्वयक, पोषण अभियान श्री कानाराम सारण ने बताया कि पंखुड़ी पोर्टल महिला एवं बाल विकास से संबंधित पहलों में पारदर्शिता, सहयोग एवं जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन वात्सल्य तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं को समर्थन प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी इकाइयाँ, गैर-सरकारी संगठन एवं आम नागरिक पोर्टल के आधिकारिक लिंक के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं तथा पोर्टल पर केवल गैर-नकद माध्यम से ही योगदान स्वीकार किए जाते हैं। यह पोर्टल लाभार्थियों एवं योगदानकर्ताओं को सीधे जोड़ते हुए पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है। बैठक में गैर-सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर संस्थापन अधिकारी श्री श्रीनारायण व्यास, सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री मानवेन्द्र सिंह, सहायक प्रोग्रामर श्री कुशाल अरोड़ा तथा कनिष्ठ सहायक श्री पुल्कित मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।