Dark Mode
भारतीय कंपनियों का AI पर बढ़ा भरोसा, 94% ने अपनाई नई तकनीक

भारतीय कंपनियों का AI पर बढ़ा भरोसा, 94% ने अपनाई नई तकनीक

नई दिल्ली. भारतीय कंपनियां बदलते कारोबारी माहौल के साथ कदम मिलाने के लिए अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक पर बड़ा दांव लगा रही हैं। बढ़ती लागत और वैश्विक व्यापार में अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनियां अपने काम करने के तरीके बदल रही हैं। उनका मकसद कारोबार को अधिक प्रभावी बनाना, खर्चों का बेहतर प्रबंधन करना और विकास के नए अवसर तलाशना है।

एचएसबीसी इंडिया की शुक्रवार को जारी रिपोर्ट में इस बदलाव की तस्वीर सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की 81 प्रतिशत कंपनियों को उम्मीद है कि तकनीक में निवेश करने से उनके उत्पादों और सेवाओं की मांग बढ़ेगी। इसकी तुलना में वैश्विक स्तर पर 70 प्रतिशत कंपनियां ऐसा मानती हैं। इससे पता चलता है कि भारतीय कारोबार जगत तकनीकी बदलाव को भविष्य की वृद्धि से जोड़कर देख रहा है।

AI पर भारतीय कंपनियों का बढ़ता भरोसा

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की 93 प्रतिशत कंपनियां अपने कारोबार से जुड़े कम से कम एक काम में एआई का इस्तेमाल कर रही हैं। वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 85 प्रतिशत है। इसके अलावा, देश की 94 प्रतिशत कंपनियां एआई टूल अपना चुकी हैं या भविष्य में इन्हें अपनाने की तैयारी कर रही हैं।

कंपनियां केवल सामान्य तकनीकी सुविधाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अपनी जरूरतों के अनुसार एआई समाधानों को भी विकसित और इस्तेमाल कर रही हैं। रिपोर्ट बताती है कि करीब 71 प्रतिशत भारतीय कंपनियों ने तीसरे पक्ष के एआई समाधान खरीदे हैं या उनमें अपनी जरूरत के मुताबिक बदलाव किया है। वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 60 प्रतिशत है।

एआई का इस्तेमाल ग्राहक सेवा, बिक्री में मदद, नियमों के अनुपालन और सप्लाई चेन की निगरानी जैसे कई महत्वपूर्ण कामों में हो रहा है। कुछ कंपनियां कर्मचारियों की निगरानी के साथ एआई का उपयोग कर रही हैं, जबकि कुछ जगह एआई एजेंट खुद भी पूरी प्रक्रिया संभाल रहे हैं।

टेक्नोलॉजी पर खर्च भी बना बड़ी प्राथमिकता

एआई और डिजिटल तकनीक को अपनाने के साथ कंपनियों का तकनीकी खर्च भी बढ़ रहा है। रिपोर्ट में शामिल 52 प्रतिशत भारतीय कंपनियों ने टेक्नोलॉजी और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश को अपनी लागत का प्रमुख हिस्सा बताया। वहीं, 46 प्रतिशत कंपनियों ने एआई से जुड़े निवेश को अहम खर्च माना।

इन दोनों मामलों में भारत के आंकड़े वैश्विक औसत से अधिक हैं। दुनिया भर में 36 प्रतिशत कंपनियों ने टेक्नोलॉजी और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर को प्रमुख लागत कारक बताया है।

एचएसबीसी के भारत और दक्षिण एशिया में ग्लोबल ट्रेड सॉल्यूशंस के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख मोहित अग्रवाल के मुताबिक, भारतीय कंपनियां बदलती लागत परिस्थितियों के बीच तकनीक के माध्यम से अपनी कारोबारी क्षमता मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि एआई अब कारोबार के संचालन में बड़े बदलाव का हिस्सा बन चुका है। इससे कंपनियों को अपने बिजनेस मॉडल में सुधार करने और विकास के नए रास्ते तलाशने में मदद मिल रही है।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर भी कंपनियां आश्वस्त

वैश्विक व्यापार में चुनौतियों के बावजूद भारतीय कंपनियों का भरोसा कायम है। रिपोर्ट के अनुसार, देश की करीब 89 प्रतिशत कंपनियों को उम्मीद है कि अगले दो वर्षों में अंतरराष्ट्रीय व्यापार बढ़ेगा। वैश्विक स्तर पर ऐसी उम्मीद रखने वाली कंपनियों का आंकड़ा 86 प्रतिशत है।

खास बात यह है कि भारत की 57 प्रतिशत कंपनियों ने अपने कारोबारी भविष्य को लेकर खुद को बेहद आश्वस्त बताया है। वहीं, वैश्विक औसत केवल 39 प्रतिशत है।

FTA का इस्तेमाल बढ़ा, लेकिन चुनौतियां भी बरकरार

रिपोर्ट में मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) को लेकर भी अहम जानकारी दी गई है। भारत की करीब 99.5 प्रतिशत कंपनियां कम से कम एक मुक्त व्यापार समझौते का इस्तेमाल कर रही हैं। वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 95 प्रतिशत है।

हालांकि, एफटीए का अधिक लाभ उठाने में कंपनियों को कुछ परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। भारत की 97 प्रतिशत कंपनियों ने इसके इस्तेमाल को बढ़ाने में बाधाएं होने की बात स्वीकार की है। वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 92 प्रतिशत है।

रिपोर्ट के मुताबिक, तकनीकी निवेश के साथ कारोबार में विविधता लाना, सप्लाई चेन को मजबूत करना और बेहतर वित्तीय रणनीति अपनाना भी जरूरी है। इन कदमों से कंपनियां नकदी प्रवाह को सुरक्षित रखने और वैश्विक अनिश्चितताओं का सामना करने की क्षमता बढ़ा सकती हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!