एशियन गेम्स में भारत का जलवा, श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीता
निशिन। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 147 रन के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल की। भारत के लिए यह एशियन गेम्स 2026 का पहला स्वर्ण पदक भी है।
टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 10 ओवर में 99 रन जोड़कर फाइनल में भारत की मजबूत नींव रख दी।
शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 48 रन की तेज पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 छक्के और 3 चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद भी स्मृति मंधाना का बल्ला चलता रहा। बाएं हाथ की बल्लेबाज ने 45 गेंदों में 79 रन बनाए। उनकी पारी में 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे।
मंधाना ने दूसरे विकेट के लिए हरमनप्रीत कौर के साथ 42 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत 19 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया।
ऋचा ने केवल 22 गेंदों में नाबाद 49 रन ठोक दिए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। भारती फूलमाली 7 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिल्हारी और चामुंडी प्रबोदा ने एक-एक विकेट लिया।
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और श्रीलंकाई बल्लेबाज बड़े शॉट लगाने में नाकाम रहे। पूरी टीम 15.4 ओवर में केवल 69 रन पर सिमट गई।
श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापट्टू ने सबसे ज्यादा 29 रन बनाए। विकेटकीपर कौशिनी नुथ्यांगना ने 14 और कविशा दिल्हारी ने 11 रन का योगदान दिया। इनके अलावा श्रीलंका की कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए। शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी को 2-2 विकेट मिले। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही श्रीलंका पर दबाव बनाए रखा और पूरी टीम को 69 रन पर रोक दिया।
भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल को एकतरफा बना दिया। 147 रन की बड़ी जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक हासिल किया। श्रीलंका को रजत पदक मिला, जबकि इससे पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया था।