Dark Mode
बिम्सटेक सदस्य देशों के साथ स्वास्थ्य संबंधी विशेषज्ञता साझा करेगा भारत: नड्डा

बिम्सटेक सदस्य देशों के साथ स्वास्थ्य संबंधी विशेषज्ञता साझा करेगा भारत: नड्डा

कोलंबो। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने बुधवार को दोहराया कि भारत, स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को बिम्सटेक सदस्य देशों के साथ साझा करने के लिए तैयार है। श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित पहली बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक को संबोधित करते हुए, नड्डा ने 'आयुष्मान भारत' के माध्यम से 'यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज' (सभी के लिए स्वास्थ्य कवरेज) की दिशा में भारत की प्रगति, मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे और डिजिटल स्वास्थ्य पहलों पर प्रकाश डाला। इसके बाद स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में कहा, "केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने श्रीलंका के कोलंबो में पहली बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 'आयुष्मान भारत' के जरिए 'यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज' की दिशा में भारत की प्रगति, मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचों और डिजिटल स्वास्थ्य पहलों का जिक्र किया।" मंत्रालय ने आगे बताया, "क्षेत्रीय एकजुटता पर जोर देते हुए, मंत्री ने स्वास्थ्य सुरक्षा, महामारी से निपटने की तैयारी, 'वन हेल्थ' और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने बिम्सटेक सदस्य देशों के साथ भारत की विशेषज्ञता और सर्वोत्तम तौर-तरीकों को साझा करने की भारत की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।" बैठक के दौरान, नड्डा ने गुजरात के जामनगर में 'बिम्सटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन ट्रेडिशनल मेडिसिन' (पारंपरिक चिकित्सा के लिए बिम्सटेक उत्कृष्टता केंद्र) की मेजबानी करने के भारत के संकल्प को रेखांकित किया। इसका उद्देश्य संयुक्त अनुसंधान, क्षमता निर्माण और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, नड्डा ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' के विजन से प्रेरित होकर, भारत एक स्वस्थ, अधिक समावेशी और लचीले बिम्सटेक क्षेत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।" नड्डा इस बैठक में भाग लेने के लिए मंगलवार को कोलंबो पहुंचे, जहां भारतीय उच्चायुक्त संतोष झा ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वे बिम्सटेक सदस्य देशों के अपने समकक्षों के साथ चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं, ताकि क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत किया जा सके, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाया जा सके और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को और गहरा किया जा सके। नड्डा ने 'एक्स' पर लिखा, "ऐतिहासिक बिम्सटेक स्वास्थ्य मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए श्रीलंका के कोलंबो पहुंच गया हूं। बिम्सटेक सदस्य देशों के अपने समकक्षों के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक हूं, ताकि क्षेत्रीय स्वास्थ्य सहयोग को मजबूत किया जा सके, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाया जा सके और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जा सके।" उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री मोदी जी के 'नेबरहुड फर्स्ट' (पड़ोसी पहले) और 'एक्ट ईस्ट' (पूर्व की ओर कार्य करें) विजन से प्रेरित होकर, भारत एक स्वस्थ, अधिक लचीले और समृद्ध बिम्सटेक क्षेत्र के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।"

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!