Dark Mode
ट्रेन के शौचालय में छिपाई गई अवैध शराब पकड़ी

ट्रेन के शौचालय में छिपाई गई अवैध शराब पकड़ी

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान एक टीटीई की सतर्कता से ट्रेन में छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद की गई। मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि बुधवार को ट्रेन संख्या 20485 जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस में टिकट जांच के दौरान टीटीआई राजेन्द्र कुमार मीणा को कोच संख्या एस-6 के शौचालय में संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ। जांच करने पर पाया गया कि शौचालय के ऊपर लगी प्लाई के भीतर 48 बोतल अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 33 हजार रुपए आंकी गई है। इस संबंध में डिब्बे में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी व्यक्ति शराब का मालिक सामने नहीं आया। इसके बाद टीटीआई मीणा ने सतर्कता दिखाते हुए शराब की बोतलों को कब्जे में लिया और इसकी सूचना वाणिज्यिक नियंत्रक कार्यालय जोधपुर तथा संबंधित अधिकारियों को देते हुए आरपीएफ की मांग की। भीलड़ी स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी सूचना पाकर मौके पर पहुंची। बाद में बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए भीलड़ी जीआरपी को सौंप दिया गया। यह कार्रवाई रानीवाड़ा और धानेरा स्टेशनों के बीच की गई। इस मामले में भीलड़ी जीआरपी ने अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध प्रोहिबिशन एक्ट की धारा 65(ए) और 116(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को इसी रेलखंड में वाणिज्य निरीक्षक नटवर दान चारण द्वारा जांच के दौरान जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में रखी लगभग 100 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर आरपीएफ को सुपुर्द की गई थी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!