Dark Mode
खेतड़ी की पूर्व वाइस चेयरमैन ने किया सुसाइड

खेतड़ी की पूर्व वाइस चेयरमैन ने किया सुसाइड

झुंझुनू। जिले की खेतड़ी नगरपालिका की निर्वतमान वाइस चेयरमैन सुनीता देवी ने बुधवार को कथित रूप से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। खेतड़ी नगरपालिका की वाइस चेयरमैन सुनीता देवी का कार्यकाल फरवरी में पूरा हुआ था।

सुनीता के भाई अर्पित ने बताया कि 13 नवंबर 2013 को मेरी बहन सुनीता की खेतड़ी निवासी गजेंद्र से शादी हुई थी। शादी में उनके पिता ने करीब 40 लाख रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग मेरी बहन से खुश नहीं थे। अर्पित ने बताया कि ससुराल पक्ष ने सुनीता को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और स्कार्पियो गाड़ी और 11 लाख रुपए लाने की मांग की। 2021 में जब सुनीता ने पार्षद का चुनाव लड़ा तो ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित कर पीहर से 3 लाख रुपए मंगवाए। इसके बाद उनकी पैसों की मांग बढ़ती गई और सुनीता के साथ मारपीट कर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

मृतका के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि गजेंद्र के जयपुर की एक लड़की से अवैध संबंध थे। गजेंद्र उस लड़की से वीडियो कॉल पर बात करता था और वह लड़की सुनीता को जान से मारने की धमकी देती थी। 13 फरवरी 2026 को मृतका के पीहर में एक शादी का कार्यक्रम था जिसमें सुनीता और गजेंद्र दोनों गए थे। वहां गजेंद्र ने झगड़ा किया। अर्पित ने बताया तीन दिन पहले सुनीता ने अपने पिता को फोन कर उसे वहां से ले जाने की बात कही थी और ऐसा न करने पर अपनी जान लेने की धमकी दी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई। थानाधिकारी ने बताया कि पीहर पक्ष की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मृतका के शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाया गया है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!