Dark Mode
रिंग में उतरीं फातिमा, दिखा ‘फुल पावर’ अंदाज

रिंग में उतरीं फातिमा, दिखा ‘फुल पावर’ अंदाज

मुंबई। मुंबई से आईं ताजा तस्वीरों में फातिमा सना शेख का अंदाज बिल्कुल बदला हुआ नजर आया। इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में वह बॉक्सिंग ग्लव्स पहने रिंग के अंदर आत्मविश्वास से भरी दिखाई दे रही हैं। उनका यह फिट और एनर्जेटिक अवतार सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है।

पोस्ट की आखिरी स्लाइड ने खास ध्यान खींचा, जहां उन्होंने महान बॉक्सर मोहम्मद अली की मशहूर तस्वीर साझा की। साथ में लिखा—“तितली की तरह हल्के रहो और मधुमक्खी की तरह वार करो।” इस लाइन के जरिए फातिमा ने न सिर्फ अपनी फिटनेस जर्नी की झलक दी, बल्कि एक मजबूत संदेश भी दिया।

तस्वीरों में उनका फोकस और बॉडी लैंग्वेज साफ संकेत दे रहे हैं कि वह किसी खास तैयारी में जुटी हैं। फैंस भी कमेंट सेक्शन में कयास लगा रहे हैं कि क्या वह आने वाली किसी फिल्म में बॉक्सर की भूमिका निभाने वाली हैं। हालांकि, अभिनेत्री ने अभी तक इस बारे में खुलकर कुछ नहीं कहा है।

बाल कलाकार के तौर पर ‘चाची 420’ से शुरुआत करने वाली फातिमा सना शेख ने ‘लूडो’, ‘अजीब दास्तां’ और ‘सैम बहादुर’ जैसी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं और अक्सर प्रेरणादायक या हल्के-फुल्के अंदाज में पोस्ट साझा करती हैं।

हाल ही में वह फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ में विजय वर्मा के साथ नजर आई थीं। फिल्म को दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन रिलीज से पहले इसे लेकर अच्छा खासा उत्साह देखा गया था।

अब उनकी बॉक्सिंग रिंग वाली तस्वीरों ने एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!