अप्रैल में आएगा EPFO का नया ऐप, UPI से निकलेगा PF पैसा सीधे खाते में
नई दिल्ली। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जल्द ही अपने करोड़ों अंशधारकों के लिए एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च करने जा रहा है। इस ऐप के जरिए सदस्य अब यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) की मदद से सीधे अपने बैंक खातों में पीएफ का पैसा ट्रांसफर कर सकेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, यह नया ऐप अप्रैल में बड़े स्तर पर लॉन्च किया जाएगा, जिससे करीब 8 करोड़ से ज्यादा ईपीएफओ ग्राहकों को फायदा मिलेगा। इस पहल का मकसद पीएफ निकासी प्रक्रिया को और सरल, तेज और सुरक्षित बनाना है।
नए सिस्टम के तहत ईपीएफ का एक हिस्सा सुरक्षित रखा जाएगा, जबकि पात्र राशि को यूपीआई के जरिए निकालने की सुविधा दी जाएगी। सदस्य अपने मोबाइल पर ही उपलब्ध बैलेंस देख सकेंगे और यूपीआई पिन के माध्यम से सुरक्षित लेन-देन कर पाएंगे।
इस ऐप से न सिर्फ पीएफ निकासी, बल्कि पासबुक देखने, बैलेंस चेक करने और खाते से जुड़ी अन्य सेवाओं का भी लाभ मिलेगा। इससे अंशधारकों को अलग-अलग पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फिलहाल ईपीएफओ इस सेवा का परीक्षण कर रहा है। ट्रायल सफल रहने के बाद अप्रैल में इसे पूरे देश में लागू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे पीएफ ट्रांसफर में लगने वाला समय काफी कम हो जाएगा।
वर्तमान में सदस्य यूएएन पोर्टल और ‘उमंग’ ऐप के जरिए अपनी सेवाओं का उपयोग करते हैं। ये प्लेटफॉर्म पहले की तरह काम करते रहेंगे, जबकि नया समर्पित ऐप सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में यह कदम कर्मचारियों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगा और भविष्य में ईपीएफओ सेवाओं को और आधुनिक बनाएगा।