निर्वाचन कार्यों में आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों की हो पूर्ण पालना : सुराणा
चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने रविवार को चूरू जिला मुख्यालय पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में नगरनिकाय आम चुनाव-2026 के मध्यनजर प्रथम चरण नगरनिकायों के निर्वाचन के लिए ईवीएम कमिश्निंग कार्य का पर्यवेक्षण किया व अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कमिश्निंग स्थल पर पहुंचकर ईवीएम कमिश्निंग की प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल एवं दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें तथा कमिश्निंग कार्य सावधानीपूर्वक एवं स्पष्टता के साथ पूरा करें। निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक स्तर पर विशेष सतर्कता बरती जाए। मशीनों की जांच, आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया, सीलिंग एवं अन्य निर्धारित कार्यवाही को नियमानुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ईवीएम कमिश्निंग कार्य के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी प्रक्रियाओं एवं सुरक्षा मानकों की अक्षरशः पालना की जाए। इसी के साथ निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्यवाही का रिकॉर्ड निर्धारित प्रपत्रों में संधारित किया जाए तथा सभी आवश्यक प्रविष्टियां समय पर पूर्ण की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी समुचित निर्देश दिए। इस दौरान सुजानगढ़ एडीएम संतोष कुमार मीना, सीईओ श्वेता कोचर, सुजानगढ़ एसडीएम ओमप्रकाश वर्मा, राजगढ़ एसडीएम मनोज खेमादा, नरेन्द्र सिंह राठौड़, राजकुमार फगेड़िया सहित संबंधित निर्वाचन कार्य से संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।