जुबिन के साथ एलनाज की नई शुरुआत, ‘हुआ’ से पूरा हुआ खास सपना
Mumbai : मुंबई में अभिनेत्री एलनाज नोरौजी के लिए एक नई रचनात्मक यात्रा की शुरुआत हुई है। अभिनय के बाद अब उन्होंने संगीत की दुनिया में भी कदम रख दिया है। उनका पहला हिंदी गाना ‘हुआ’ रिलीज हो चुका है, जिसमें उन्होंने लोकप्रिय गायक Jubin Nautiyal के साथ सहयोग किया है।
एलनाज ने अपने इस नए सफर को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि संगीत हमेशा से उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है। हालांकि उन्हें अब जाकर इसे पेशेवर रूप से अपनाने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि अपने पहले हिंदी गीत के लिए जुबिन जैसे स्थापित कलाकार के साथ काम करना उनके लिए बेहद खास और यादगार अनुभव रहा।
अभिनेत्री के मुताबिक, ‘हुआ’ केवल एक गाना नहीं बल्कि उनके लंबे समय से संजोए गए सपने का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कुछ पल ऐसे होते हैं जो जिंदगीभर याद रहते हैं और यह प्रोजेक्ट उनके लिए उन्हीं खास पलों में शामिल है। इस गाने के जरिए उन्हें अपने एक नए हुनर को दर्शकों तक पहुंचाने का मौका मिला है।
एलनाज ने बताया कि अभिनय के साथ-साथ संगीत के प्रति उनका लगाव हमेशा बना रहा। उन्होंने कहा कि जुबिन की गायकी में भावनाओं की गहराई और सच्चाई साफ झलकती है, जिससे उनके साथ काम करने का अनुभव और भी खास बन गया।
वहीं, जुबिन नौटियाल ने भी एलनाज की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि एलनाज की आवाज में मधुरता है और वह अपने काम को पूरी लगन और समर्पण के साथ करती हैं। उनके अनुसार, गाने के लिए एलनाज ने काफी मेहनत की है और उनका यह नया सफर काफी प्रेरणादायक है।
जुबिन ने यह भी कहा कि उन्हें खुशी है कि ‘हुआ’ श्रोताओं तक पहुंच रहा है और लोगों का प्यार हासिल कर रहा है। उन्होंने एलनाज के भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह उनके इस नए कदम पर गर्व महसूस करते हैं।
‘हुआ’ के साथ एलनाज नोरौजी ने अपने करियर का एक नया अध्याय शुरू किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अभिनय के बाद संगीत की दुनिया में भी वह दर्शकों के दिलों पर कितना असर छोड़ पाती हैं।