जिला प्रशासन को नवाचार "इनोवेट चूरू" के लिए स्कॉच अवार्ड
चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा तकनीकी व रोजगारपरक शिक्षा तथा युवाओं को उद्यमिता व स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की दिशा में किए गए नवाचार "इनोवेट चूरू" के लिए स्कॉच अवार्ड मिला हैं। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुराणा ने कहा है कि यह सम्मान विद्यार्थियों, शिक्षकों और जिला प्रशासन के सामूहिक प्रयासों की उपलब्धि है तथा सरकारी विद्यालयों में नवाचार और डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस दौरान नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में सीडीईओ संतोष महर्षि, इन्क्यूबेशन सेंटर एसीपी विनोद कुमारी व कंप्यूटर अनुदेशक गौरव शर्मा ने सम्मान प्राप्त किया। गौरतलब है कि जिला कलक्टर की विशेष पहल पर जिले में विद्यालयी स्तर पर तकनीकी शिक्षा क्षेत्र के उन्नयन के लिए किए गए नवाचार "कोड चूरू" संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में तकनीकी क्षेत्र में युवाओं को सुदृढ़ करने के लिए शिक्षा विभाग व डीओआईटी के आईस्टार्ट इन्क्यूबेशन सेंटर के तत्वावधान में 18 मई से 16 जून, 2026 तक राजकीय लोहिया महाविद्यालय में 'इनोवेट चूरू' बूट कैंप आयोजित किया गया। बूट कैंप ‘इनोवेट चूरू’ के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को नई संभावनाओं से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ स्पोकन इंग्लिश कोर्स तथा व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागीय समन्वय से आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गईं। इस बूट कैंप में कोड चूरू कार्यक्रम में इनरोल सरकारी विद्यालयों के बच्चों की 20 स्टार्टअप टीमों ने भाग लिया और उन्हें जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से तकनीकि प्रशिक्षण देकर नवाचारों को प्रोत्साहित किया गया। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को कोडिंग, डिजिटल तकनीक एवं उद्यमिता का प्रशिक्षण देकर उनके आइडियाज को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए गए। विभिन्न नवाचारों का अनुमोदन भी किया जा चुका है।