Dark Mode
जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आज से, सेमिनार में खिलाड़ियों को दी आधुनिक तकनीक की जानकारी

जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आज से, सेमिनार में खिलाड़ियों को दी आधुनिक तकनीक की जानकारी

चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार की पंच गौरव योजना के अंतर्गत “एक जिला एक खेल” कार्यक्रम में कबड्डी खेल को चयनित किया गया है। इसी क्रम में इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर के साथ दो दिवसीय जिला स्तरीय कबड्डी सेमिनार का शुक्रवार को समापन हुआ। सेमिनार का विषय “कबड्डी खेल का विकास, प्रशिक्षण एवं आधुनिक तकनीक” रखा गया था। इसमें शारीरिक शिक्षक, कबड्डी खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, जिला खेल संघ के प्रतिनिधि तथा शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों सहित लगभग 150 प्रतिभागियों ने भाग लिया। सेमिनार के दूसरे दिन शुक्रवार को विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में आधुनिक कबड्डी तकनीक पर चर्चा करते हुए रेडिंग तकनीक, डिफेंस तकनीक और टीम रणनीति की विस्तार से जानकारी दी गई। दूसरे सत्र में कबड्डी प्रशिक्षण पद्धति के अंतर्गत प्रशिक्षण योजना, खिलाड़ियों के चयन तथा अभ्यास कार्यक्रम पर मार्गदर्शन दिया गया। तीसरे सत्र में खेल के दौरान होने वाली सामान्य चोटों से बचाव, प्राथमिक उपचार और रिकवरी तकनीकों की जानकारी दी गई। इसके बाद आयोजित प्रायोगिक सत्र में मैदान पर रेड एवं डिफेंस अभ्यास का प्रदर्शन कराया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं कोच डॉ. दिनेश चौधरी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रशिक्षण पद्धति को अपनाकर खिलाड़ी अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं। जिला खेल अधिकारी रामरतन गुर्जर ने बताया कि शनिवार और रविवार को इंदिरा गांधी स्टेडियम में जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ी सुबह 10 बजे तक पंजीकरण करवा सकेंगे। इसमें सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे तथा महिला और पुरुष वर्ग दोनों के मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में लगभग 200 से 250 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जिला कलेक्टर आलोक रंजन और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या सहित जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। जिला प्रशासन एवं जिला खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र ने खेल प्रेमियों और आमजन से कार्यक्रम में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!