Dark Mode
अटल जन सेवा शिविर में जिला कलक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं प्रकरणों के त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के दिए निर्देश

अटल जन सेवा शिविर में जिला कलक्टर ने सुनी आमजन की समस्याएं प्रकरणों के त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के दिए निर्देश

सवाई माधोपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के समस्त उपखंड मुख्यालयों पर आयोजित अटल जन सेवा शिविरों के तहत पंचायत समिति गंगापुर सिटी के भारत निर्माण केन्द्र में जिला कलक्टर काना राम ने जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।अटल जन सेवा शिविर के दौरान जिला कलक्टर के समक्ष पट्टा जारी करवाने, नाली का लेवल दुरस्त करवाने, खाली भू-खण्डों से कचरे का निस्तारण करवाने, क्षतिग्रस्त सड़क सही करवाने, सैनिक नगर में नालियों की नियमित साफ-सफाई करवाने, आम रास्त से अवैध अतिक्रमण हटवाने, कचरा संग्रहण वाहन नहीं आने, जनाधार से नाम हटवाने, जनाधार और आधार कार्ड की सीडिंग करवाने, नया राशन कार्ड बनवाने, पेंशन स्वीकृति जैसे विभिन्न प्रकरण प्रस्तुत किए गए। प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायत पर उन्होंने तहसीलदार को मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यालय में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक अनिवार्य रूप से जनसुनवाई आयोजित करें, ताकि नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त सभी परिवादों को पहले ऑनलाइन अपलोड किया जाए, जिससे समाधान प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे। साथ ही, समाधान के बाद परिवादी से संवाद कर उसकी संतुष्टि की पुष्टि भी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक परिवादी का मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि समस्या के समाधान के बाद उसे व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जा सके। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित करीब 40 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, पंचायती राज, सार्वजनिक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सहित अन्य विभागों के प्रकरण शामिल रहे। जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ समाधान किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि आगामी जनसुनवाई में उन्हीं प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर गंगापुर सिटी सुदर्शन सिंह, उपखंड अधिकारी बृजेंद्र मीणा, विकास अधिकारी जगदीश गुर्जर, सीएमएचओ डॉ. अनिल जैमिनी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, आयोजना अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में परिवादी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!