सड़क परियोजनाओं में देरी पर डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने जताई नाराजगी
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने नियत अवधि तक अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को पूर्ण नहीं करवाने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की है। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में सड़क एवं अन्य अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि परियोजना के प्राथमिक चरण में ही उसमें आने वाली बाधाओं का बारीकी से अवलोकन किया जाए। अधिकारियों की लापरवाही से कई परियोजनाएँ वन क्षेत्र, भूमि अवाप्ति सहित विभिन्न कारणों से नियत अवधि पर पूर्ण नहीं हो पाती है। उन्होंने निर्देश दिए है कि अधिकारी किसी भी परियोजना का एस्टीमेट और डीपीआर बनाते समय उसमें आने वाली बाधाओं की भी पहचान करें ताकि आमजन को प्रोजेक्टस का समय पर लाभ मिल सकें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी ही अलाईमेंट तय करते है और बाद में प्रोजेक्ट्स में देरी होती है इससे पता चलता है कि अलाईमेंट/डीपीआर/एस्टीमेट बनाते समय ध्यान नहीं रखा गया था। उन्होंने कहा है कि भविष्य में कोई भी काम समय अवधि से ज्यादा डिले होगा तो संबंधितो की जिम्मेदारी तय करते हुए उन पर कार्यवाही होगी। उपमुख्यमंत्री ने 50 करोड़ से ज्यादा लागत की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पचपदरा-बागडी सेक्शन के फौरलेनकरण का कार्य आगामी दस दिवस में, बालोतरा-संदेराओ में बाईपास निर्माण का कार्य 30 अप्रैल तक, ब्यावर-गोमती बाईपास पर व्हीकल अण्डरपास का कार्य 31 मई तक, अकलेरा बाईपास का काम 31 मार्च तक तथा नार्थन कोटा बाईपास का कार्य जून-जुलाई 2026 तक पूर्ण करवा दिया जायेगा। प्रोजेक्टस को आदतन डिले करने वाले ठेकेदारों को ब्लेक लिस्टेड करे उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जो ठेकेदार आदतन प्रोजेक्ट्स को डिले करते है, काम बीच में छोडते है उनकी सूची तैयार करके उनकी फर्मो को ब्लेक लिस्टेड किया जाये ताकि वे भविष्य में अन्य प्रोजेक्ट्स में भाग नहीं ले सकें।
आगामी बरसात में मार्ग बाधित नहीं होने चाहिए-
उन्होंने कहा कि अधिकारी प्रोजेक्ट्स की डिजाइन बनाते समय जल संसाधन विभाग से भी समन्वय रखें। पिछले दो वर्ष से राजस्थान में अच्छी बरसात हो रही है, इसकों ध्यान में रखते हुए सड़क एवं अन्य संरचनाओं को इस प्रकार डिजाइन किया जाए कि वे डूब क्षेत्र में नहीं आए और मार्ग बाधित नहीं हो। उन्होंने एक्सप्रेस वे के काम को गति देने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान देश में एक मिसाल स्थापित करेगा। इनके पूरा होने से प्रदेश में आर्थिक विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई, एनएच, सीआरआईएफ, पीएमजीएसवाई आदि की समीक्षा की और समय पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ काम पूरा करवाने के निर्देश दिए। इस दौरान एसीएस पीडब्ल्यूडी प्रवीण गुप्ता, सहित अन्य अधिकारी एवं जिलों के अधिकारी वीसी के माध्यम से उपस्थित रहें।