भारत-वेनेजुएला रिश्तों को नई रफ्तार, मोदी से मिलीं डेल्सी रोड्रिगेज
नई दिल्ली : भारत और वेनेजुएला के बीच रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण कूटनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात कर दोनों देशों के सहयोगी संबंधों को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
बैठक में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवाएं, दवा उद्योग, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष फोकस रहा। दोनों पक्षों ने इन क्षेत्रों में साझेदारी को और व्यापक बनाने की इच्छा व्यक्त की।
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी डेल्सी रोड्रिगेज से मुलाकात की। उन्होंने भारत-वेनेजुएला संबंधों के प्रति रोड्रिगेज की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी चर्चा द्विपक्षीय सहयोग को नई मजबूती देगी।
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि भारत और वेनेजुएला के बीच सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है और भविष्य में इसके और विस्तार की संभावनाएं हैं।
डेल्सी रोड्रिगेज पांच दिवसीय भारत दौरे पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंची थीं। उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें ऊर्जा, फार्मा और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हैं। यह दल भारत की औद्योगिक और तकनीकी क्षमताओं का अध्ययन करेगा तथा निवेश और सहयोग के नए अवसरों की तलाश करेगा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, ऊर्जा क्षेत्र में भारत और वेनेजुएला लंबे समय से महत्वपूर्ण साझेदार रहे हैं। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय निवेश किया है और भविष्य में भी अपनी भागीदारी बढ़ाने की संभावनाएं तलाश रही हैं।
भारत और वेनेजुएला के संबंध ऊर्जा सहयोग, व्यापारिक साझेदारी और वैश्विक दक्षिण के साझा हितों पर आधारित हैं। माना जा रहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को नई गति देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार भी खोलेगी।