Dark Mode
चूरू में निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण, 73.81% वोटिंग

चूरू में निकाय चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण, 73.81% वोटिंग

चूरू। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत चूरू जिले में दो चरणों में हुआ मतदान उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण रहा। जिले के 11 नगर निकायों के कुल 429 वार्डों में सदस्य पद के निर्वाचन के लिए औसतन 73.809 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 4,91,496 पंजीकृत मतदाताओं में से 3,62,772 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से पूरा कराया गया। मतदान के दौरान जिले में मतदाताओं की भागीदारी देखने को मिली। बीदासर नगरपालिका के वार्ड संख्या 15 में सदस्य पद के लिए निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण वहां मतदान नहीं हुआ।

जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने मतदान प्रक्रिया में सहयोग के लिए जिलेवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं की भागीदारी से होती है। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान के लिए निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों, मतदान दलों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, प्रशासनिक अधिकारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों सहित सभी संबंधित लोगों के प्रयासों की सराहना की।

पहले चरण में 72.951 प्रतिशत मतदान

पहले चरण में 9 सितंबर को जिले के पांच नगर निकायों में मतदान हुआ। नगर परिषद चूरू और सुजानगढ़ तथा नगरपालिका राजगढ़, रतननगर और छापर के कुल 205 वार्डों के लिए औसतन 72.951 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन निकायों में 2,55,602 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1,86,465 ने वोट डाला।

पहले चरण में राजगढ़ नगरपालिका सबसे आगे रही, जहां 78 प्रतिशत मतदान हुआ। रतननगर में 75.99 प्रतिशत, छापर में 75.04 प्रतिशत, चूरू नगर परिषद में 72.81 प्रतिशत और सुजानगढ़ नगर परिषद में 69.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

चूरू नगर परिषद में 96,790 मतदाताओं में से 70,469 ने मतदान किया। सुजानगढ़ में 83,511 में से 58,000, राजगढ़ में 46,782 में से 36,491, रतननगर में 10,948 में से 8,319 और छापर में 17,571 में से 13,186 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दूसरे चरण में बढ़ा मतदान प्रतिशत

दूसरे चरण में 11 सितंबर को छह नगर निकायों में मतदान कराया गया। नगर परिषद सरदारशहर और नगरपालिका तारानगर, साहवा, रतनगढ़, बीदासर तथा राजलदेसर के कुल 224 वार्डों में औसत 74.739 प्रतिशत मतदान हुआ। इन निकायों में 2,35,894 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 1,76,307 मतदाताओं ने मतदान किया।

दूसरे चरण में साहवा नगरपालिका में सबसे अधिक 86.59 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। तारानगर में 81.45 प्रतिशत, राजलदेसर में 77.02 प्रतिशत, रतनगढ़ में 75.12 प्रतिशत, बीदासर में 74.08 प्रतिशत और सरदारशहर में 69.96 प्रतिशत मतदान हुआ।

सरदारशहर में 83,613 मतदाताओं में से 57,799 ने वोट डाला। तारानगर में 29,093 में से 23,697, साहवा में 12,069 में से 10,451, रतनगढ़ में 59,223 में से 44,490, राजलदेसर में 23,286 में से 17,935 और बीदासर में 29,610 में से 21,935 मतदाताओं ने मतदान किया।

14 सितंबर को होगी मतगणना

अब दोनों चरणों में हुए मतदान के बाद सभी की निगाहें 14 सितंबर पर हैं। मतगणना जिले के सभी नगर निकाय मुख्यालयों पर निर्धारित केंद्रों में होगी। प्रशासन ने मतगणना के लिए टेबल, कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा, प्रवेश और निकास सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

राजगढ़ नगरपालिका की मतगणना राजकीय महाविद्यालय के कमरा नंबर 7 में 8 टेबल और 6 राउंड में होगी। चूरू नगर परिषद की मतगणना पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय के एक्टिविटी हॉल में 14 टेबल और 8 राउंड में होगी। रतननगर में 5 टेबल पर 4 राउंड और सुजानगढ़ में 10 टेबल पर 10 राउंड में मतगणना होगी। छापर में 6 टेबल पर 5 राउंड में मतगणना कराई जाएगी।

दूसरे चरण के निकायों में सरदारशहर की मतगणना 11 टेबल पर 9 राउंड, तारानगर में 10 टेबल पर 4 राउंड, साहवा में 7 टेबल पर 3 राउंड, रतनगढ़ में 10 टेबल पर 7 राउंड, राजलदेसर में 5 टेबल पर 7 राउंड और बीदासर में 6 टेबल पर 7 राउंड में पूरी होगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना केंद्रों पर सभी जरूरी इंतजाम समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के साथ ही चूरू जिले के 11 नगरीय निकायों में वार्ड सदस्य पद के चुनाव परिणाम सामने आएंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!