‘बोल सवाई माधोपुर’ कैंप पहुंचे सीईओ, छात्रों को बताए सफलता के मंत्र
सवाई माधोपुर। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित ‘बोल सवाई माधोपुर’ इंग्लिश स्पोकन कैंप में बुधवार को मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी सीखने की प्रगति और अंग्रेजी संवाद क्षमता का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में बातचीत कर अपनी सीखने की उपलब्धियां साझा कीं। सीईओ ने छात्रों के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अध्ययन सामग्री वितरित कर निरंतर सीखने की आदत विकसित करने का संदेश दिया।
गौरव बुड़ानिया ने कहा कि वर्तमान समय में स्पोकन इंग्लिश और प्रभावी संचार कौशल केवल भाषा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बेहतर करियर और व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि सवाई माधोपुर विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल होने के कारण यहां के युवाओं के लिए पर्यटन, होटल, गाइड सेवा और आतिथ्य उद्योग में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने, अनुशासित जीवनशैली अपनाने और लगातार स्वयं को बेहतर बनाने की सलाह दी। उनका कहना था कि बेहतर संवाद क्षमता युवाओं को प्रतिस्पर्धी माहौल में आगे बढ़ने और नए अवसर हासिल करने में मदद करती है।
कार्यक्रम के दौरान जिला सहप्रभारी प्रेमराज मीणा, ब्लॉक प्रभारी कृष्णानंद गुप्ता, प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा, प्रशिक्षक नीलम धनवानी, सीमा नसीब, स्नेहलता शर्मा और महेंद्र सिंधी सहित कई शिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
‘बोल सवाई माधोपुर’ कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों में अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।