जनगणना प्रथम चरण फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
बारां। जनगणना 2027 के पहले चरण मकान सूचीकरण व मकानों की गणना के लिए प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल की अध्यक्षता में जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय कार्यक्रम 16 से 18 अप्रैल एवं 20 से 22 अप्रैल 2026 का कार्यालय उप जिला जनगणना अधिकारी एवं उप निदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में समापन हुआ। जिला कलक्टर जनागल के निर्देशन में जनगणना कार्य निदेशालय से नियुक्त मास्टर ट्रेनर्स विश्वनाथ प्रताप गुर्जर एवं संदीप बुगालिया ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया। मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षणार्थियों को डिजिटल जनगणना के संपूर्ण प्रबंधन और नियंत्रण के लिए सीएमएमएस पोर्टल, मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के लिए एचएलओ एप एवं आम नागरिकों के लिए स्व गणना की सुविधा के लिए समर्पित वेब पोर्टल, मकानों की गणना के प्रपत्रों को सही से भरने तकनीकी एवं डिजिटल उपकरणों के उपयोग और फील्ड में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों के समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला कलक्टर ने सभी फील्ड ट्रेनर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त निर्देशों का पूर्णतः पालन करने एवं अपना शत-प्रतिशत देकर कार्य करें। अधिक से अधिक संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन को स्वगणना के लिए प्रेरित एवं जागरूक करें। जनागल द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की जनगणना केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं है यह राष्ट्र निर्माण की वह आधारशिला है, जिस पर भविष्य की विकास योजनाएं, सामाजिक न्याय की नीतियां एवं संसाधनों का न्यायसंगत वितरण आधारित होता है। जनगणना 2027 देश की प्रथम पूर्णतः डिजिटल जनगणना के रूप में हमें एक ऐतिहासिक अवसर प्रदान करती है कि हम इसे जन सहभागिता के सर्वोच्च स्तर तक ले जाए। बारां जिले जैसे गतिशील एवं अग्रणी जिले में यह अपेक्षित है प्रत्येक नागरिक स्वयं को इस राष्ट्रीय कर्तव्य का सक्रिय भागीदार अनुभव करें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप जिला जनगणना अधिकारी रामप्रसाद बैरवा एवं जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा नियुक्त जिला समन्वयक निशा मीणा, जिले के मास्टर ट्रेनर्स बुगालिया एवं गुर्जर तथा जिला स्तर पर जनगणना कार्य संपादन के लिए नियुक्त जितेन्द्र कुमार मीणा, मधुसूदन बलाई एवं जिला जनगणना सेल के कार्मिक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।