होटल मैनेजमेंट में करियर का मौका, 31 जुलाई तक करें आवेदन
झालावाड़। राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, झालावाड़ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्थान ने इच्छुक अभ्यर्थियों से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित दस्तावेजों के साथ समय सीमा के भीतर आवेदन जमा कर सकते हैं।
संस्थान के प्रभारी प्राचार्य महेश कुमार बैरवा ने बताया कि संस्थान में फूड प्रोडक्शन, बेकरी एवं कन्फेक्शनरी, फूड एंड बेवरेज सर्विस, फ्रंट ऑफिस ऑपरेशन और हाउसकीपिंग ऑपरेशन जैसे विषयों में डेढ़ वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3 अगस्त 2026 (सोमवार) सुबह 11 बजे संस्थान परिसर में पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल दस्तावेज, दो सेट स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां तथा निर्धारित शुल्क के साथ उपस्थित होना होगा।
प्राचार्य ने बताया कि राज्य होटल प्रबंधन संस्थान, झालावाड़ भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय और राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाता है। यह संस्थान राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं केटरिंग प्रौद्योगिकी परिषद (एनसीएचएमसीटी), नोएडा से संबद्ध है।
संस्थान में विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास सुविधा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन तथा देश के प्रतिष्ठित होटल उद्योगों में प्रशिक्षण और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उन्हें आतिथ्य क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने में सहायता मिलती है।
प्राचार्य ने 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों और युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा कि होटल एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में रोजगार की अच्छी संभावनाओं को देखते हुए यह एक सुनहरा अवसर है। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी संस्थान की वेबसाइट, ई-मेल या हेल्पलाइन नंबर 9829383057 पर संपर्क कर सकते हैं।