बूंदी महोत्सव–2026 लोक कला एवं संस्कृति की हुई मनमोहक प्रस्तुतियां
बूंदी। बूंदी महोत्सव–2026 के अंतर्गत नवलसागर पार्क में शुक्रवार शाम को आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक लोक कलाओं की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर शहर वासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात एवं जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं से दर्शकों को रूबरू कराया। महोत्सव में कालबेलिया, लंगा गायन, भपंग वादन, मयूर नृत्य, चरी-घूमर, भांगड़ा, गिद्दा, घूमर, पनिहारी, लावणी नृत्य एवं रऊफ नृत्य जैसी विविध लोक कलाओं की प्रस्तुतियां दी गई। इस सांस्कृतिक आयोजन में अजमेर, जोधपुर, जयपुर, अलवर, डीडवाना, किशनगढ़, अमृतसर, हरियाणा, गुजरात तथा अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर) से आए कलाकार एवं दलों ने भाग लिया। बूंदी महोत्सव का उद्देश्य लोक कला, संस्कृति एवं परंपराओं को प्रोत्साहन देना तथा स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराना है। नवलसागर पार्क में आयोजित हुए इस सांस्कृतिक आयोजन ने महोत्सव की रौनक बढ़ाई और दर्शकों को विविध लोक संस्कृतियों का आनंद प्रदान किया। इस दौरान नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर एचडी सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग रमेश देव, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व शहर वासी मौजूद रहें।