Dark Mode
बाबा रामदेवरा मेले का आज शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं के लिए तैयार प्रशासन

बाबा रामदेवरा मेले का आज शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं के लिए तैयार प्रशासन

जैसलमेर। लोकदेवता बाबा रामदेव जी की अवतरण तिथि भादवा शुक्ल पक्ष द्वितीया के अवसर पर रविवार, 13 सितंबर से रामदेवरा में 642वें वार्षिक मेले का विधिवत आगाज होगा। ब्रह्म मुहूर्त में बाबा की समाधि पर मंगला आरती और स्वर्ण मुकुट प्रतिष्ठापन के साथ देशभर में प्रसिद्ध इस मेले में आस्था का महासंगम शुरू हो जाएगा।

लाखों श्रद्धालुओं के रामदेवरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ सुगम दर्शन, यातायात, पेयजल, विद्युत, सफाई और चिकित्सा जैसी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए क्लोज सर्किट कैमरे भी लगाए गए हैं।

जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं पहले ही शुरू कर दी गई थीं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं मेला क्षेत्र में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर खास नजर

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के अनुसार मेले में आने वाले जातरुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता लगाया गया है। कतार व्यवस्था की निगरानी के साथ सादा वर्दी में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। रामसरोवर तालाब और मेला क्षेत्र को लेकर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है। रामसरोवर तालाब में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कुशल तैराकों को मोटर बोट के साथ 24 घंटे तैनात रखा गया है।

24 घंटे खुले रहेंगे मंदिर के कपाट

मेलाधिकारी एवं उपखंड अधिकारी पोकरण हीर सिंह चारण ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए निज मंदिर के कपाट 24 घंटे खुले रहेंगे। इससे बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। कतार व्यवस्था को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि श्रद्धालु अपनी बारी के अनुसार शांतिपूर्ण तरीके से बाबा रामसापीर की समाधि के दर्शन कर सकें।

वाहनों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मेला क्षेत्र में अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। बड़े वाहनों, छोटे वाहनों और दुपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों पर टेंट और ठंडे पेयजल का इंतजाम भी किया गया है। इसके अलावा मेलार्थियों के लिए अस्थायी और चल शौचालय स्थापित किए गए हैं।

पेयजल और बिजली की विशेष व्यवस्था

मेले में श्रद्धालुओं को पर्याप्त और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलदाय विभाग ने कतार वाले स्थानों पर टोंटीयुक्त पानी के टैंकर लगाए हैं। स्काउट-गाइड के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को ठंडा और मीठा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।

विद्युत विभाग ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए नए ट्रांसफॉर्मर लगाए हैं। एक अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर रिजर्व में रखा गया है, ताकि किसी तरह की तकनीकी समस्या आने पर तुरंत व्यवस्था बहाल की जा सके। रामसरोवर तालाब क्षेत्र में मास्क लाइट की भी व्यवस्था की गई है।

सात जोन में सफाई, सूचना केंद्रों से मदद

रामदेवरा में सफाई व्यवस्था को सात जोन में बांटकर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सफाई दल लगातार मेला क्षेत्र में काम कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

श्रद्धालुओं की मदद के लिए सूचना केंद्र भी संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों पर बिछड़े हुए परिजनों को मिलाने के साथ लोगों को जेबकतरों से सावधान रहने और अपने सामान की सुरक्षा खुद करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मेला प्रशासन के जरूरी संदेश भी इन केंद्रों के जरिए प्रसारित किए जा रहे हैं।

खाद्य पदार्थों की जांच और स्वास्थ्य सेवाएं

मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से सैंपल लिए जा रहे हैं। खाद्य निरीक्षक दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहे हैं। चिकित्सा विभाग ने भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की है।

मंदिर समिति की ओर से भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में बाबा रामदेव जी के दर्शन कर सकें।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!