इंडिया गठबंधन की रैली पर AI फोटो का आरोप, रिजिजू ने कांग्रेस को घेरा
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को हुई इंडिया गठबंधन की 'चलो दिल्ली' रैली के बाद अब राजनीतिक बहस का केंद्र भीड़ की संख्या और सोशल मीडिया पर साझा की गई एक तस्वीर बन गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर रैली में भारी भीड़ दिखाने के लिए एआई से तैयार तस्वीर साझा करने का आरोप लगाया है।
रिजिजू ने X पर तस्वीर साझा करते हुए तंज कसा कि रामलीला मैदान को भरा हुआ दिखाने के लिए कांग्रेस की कथित फर्जी नैरेटिव टीम ने एआई तस्वीर बनाई, लेकिन उसे भी ठीक से तैयार नहीं किया। यह तस्वीर तेलंगाना के कांग्रेस सांसद वामसी गद्दाम सहित कुछ नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की गई थी। तस्वीर में मैदान में बड़ी संख्या में लोग दिखाई दे रहे थे, जबकि मंच पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी की तस्वीरें भी नजर आ रही थीं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तस्वीर की वास्तविकता पर सवाल उठाए।
भाजपा ने रैली के बाद इसे फ्लॉप शो बताते हुए कांग्रेस के दावे को चुनौती दी। पार्टी सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम स्थल का वीडियो दिखाया। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा खाली था। पात्रा के मुताबिक, मैदान में 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से दोपहर 3:30 से शाम 4 बजे के बीच करीब 5 से 7 हजार कुर्सियां खाली थीं।
भाजपा ने इस मुद्दे को SIR और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस के आरोपों से भी जोड़ा। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस लगातार वोट काटे जाने की बात कर रही है, लेकिन रैली में लोगों की संख्या को लेकर किया गया दावा भी सवालों के घेरे में है।
हालांकि, रैली में वास्तविक रूप से कितने लोग मौजूद थे, इसका कोई स्वतंत्र आंकड़ा सामने नहीं आया है। फिलहाल भाजपा के आरोपों और कांग्रेस की ओर से साझा की गई तस्वीर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है।