Dark Mode
बैंक कैशियर अपहरण-लूट केस में आरोपी गिरफ्तार

बैंक कैशियर अपहरण-लूट केस में आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस ने बैंक कैशियर के अपहरण, मारपीट और लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अक्षय मीणा उर्फ गोलू उर्फ अक्षय चांदा को दूसरे मामले में जेल में बंद होने के चलते न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर गिरफ्तार किया। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी पायलेट मीणा की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

जयपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त राजर्षि राज ने बताया कि एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की फागी शाखा में कैशियर अभिषेक पारीक ने 15 नवंबर 2024 को मुहाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, ड्यूटी खत्म करने के बाद वह स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान बालावाला के पास सुनसान रास्ते पर एक स्कॉर्पियो ने उसका रास्ता रोक दिया।

आरोपियों ने उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया और अपने साथ ले गए। इसके बाद उसके साथ मारपीट कर जेब में रखे 2 हजार रुपए, बैग में मौजूद करीब 45 हजार रुपए और चांदी का कड़ा लूट लिया गया। बदमाशों ने उससे UPI पिन हासिल करने की भी कोशिश की और मारपीट करने के बाद उसे एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने वारदात वाले स्थान के साथ आरोपियों के संभावित आने-जाने के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक स्कॉर्पियो की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश शुरू की।

पुलिस जांच में सामने आया कि मामले में नामजद आरोपी अक्षय मीणा उर्फ गोलू उर्फ अक्षय चांदा (21) निवासी थूनियांधिराजपुरा, दौसा, किसी अन्य प्रकरण में जेल में बंद है। वहीं, इस मामले में आरोपी पायलेट मीणा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी।

इसके बाद मुहाना थाना पुलिस ने न्यायालय से आरोपी अक्षय का प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और उसे जेल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह से जुड़ी अन्य आपराधिक वारदातों और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!