72वें वन्यजीव सप्ताह-2026: 2 से 8 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम
कोटा। कोटा के वन्यजीव प्रेमियों एवं युवा प्रकृति प्रेमियों के सहयोग से वन विभाग द्वारा 72वें वन्यजीव सप्ताह-2026 का भव्य आयोजन ‘‘जुड़े आवास, वन्य-जीव का विकास‘‘ थीम के तहत किया जाएगा। सप्ताह के दौरान वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की रोमांचक प्रतियोगिताएं, प्रकृति भ्रमण और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वन्यजीव सप्ताह के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न जागरूकता, प्रतियोगिता, वन भ्रमण एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 2 अक्टूबर को अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में सुबह 8 से 12 बजे तक उद्घाटन समारोह एवं पौधारोपण, सुबह 6 से 7 बजे तक आरटीयू से अभेड़ा तक साइकिल व ई-स्कूटर रैली तथा शाम 4 बजे स्मृति वन में वृक्षारोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा। 3 अक्टूबर को गराड़िया महादेव में सुबह 6 से 9 बजे तक मूक-बधिर बच्चों एवं महिलाओं के लिए विशेष वन भ्रमण तथा सुबह 10 से शाम 8 बजे तक फोटोग्राफी एवं मेडिसिनल और बोनसाई प्लांट्स की प्रदर्शनी होगी। 4 अक्टूबर को आर्ट गैलरी में सुबह 10 से 12 बजे तक आशुभाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिता, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व में दोपहर 3 से 6 बजे तक टाइगर सफारी तथा बॉटनिकल गार्डन/नांता में शाम 4 बजे पौधारोपण होगा। 5 अक्टूबर को उम्मेदगंज में सुबह 6 से 9 बजे तक पक्षी विहार, बर्ड वॉचिंग एवं क्विज, नयापुरा से सुबह 11 बजे अर्बन फॉरेस्ट्री विजिट तथा थर्मल पावर स्टेशन ऑडिटोरियम में शाम 4 से 5 बजे तक मानव-वन्यजीव संघर्ष जागरूकता कार्यक्रम होगा। 6 अक्टूबर को भैंसरोड़गढ़ में सुबह 6 से 10 बजे नेचर ट्रेल, सुबह 10 से 12 बजे गिद्ध व ऊदबिलाव संरक्षण वार्ता, आर्ट गैलरी में सुबह 10 से 12 बजे वन्यजीव क्विज तथा सुबह 10 से शाम 8 बजे फोटोग्राफी एवं मेडिसिनल-बोनसाई प्लांट्स प्रदर्शनी आयोजित होगी। 7 अक्टूबर को शेरगढ़ वन एवं कनवास वेटलैंड्स भ्रमण(सुबह 6 से दोपहर 1 बजे तक), आर्ट गैलरी में ड्राइंग प्रतियोगिता (सुबह 10 बजे स्व दोपहर 12 बजे तक) तथा अभेड़ा में श्रमदान एवं शेरगढ़ में स्नेक रेस्क्यू ट्रेनिंग होगी, जबकि फोटोग्राफी एवं मेडिसिनल-बोनसाई प्लांट्स की प्रदर्शनी भी सुबह 10 से शाम 8 बजे तक जारी रहेगी। 8 अक्टूबर को सिआम ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक समापन समारोह, विशेषज्ञ व्याख्यान एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 2 से 7 अक्टूबर तक पूरे सप्ताह आर्ट गैलरी में सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक फोटोग्राफी एवं बोनसाई प्रदर्शनी तथा पेन ड्राइव प्रविष्टियों के माध्यम से वीडियोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।