20वां सांख्यिकी दिवस मनाया, डेटा आधारित निर्णयों पर दिया जोर
झालावाड़। सांख्यिकी एवं आर्थिक नियोजन के क्षेत्र में प्रोफेसर (दिवंगत) प्रशांत चंद्र महालनोबिस के उल्लेखनीय योगदान के सम्मान में उनके जन्मदिवस पर सोमवार को 20वें सांख्यिकी दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम होटल मानसिंह पैलेस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप निदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डॉ. आशीष यादव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस वर्ष सांख्यिकी दिवस की थीम ^^Unlocking the Potential of Administrative Data for Decision Making** रही। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग रामनिवास यादव तथा मुख्य आयोजना अधिकारी विनोद कुमार मीणा उपस्थित रहे। इस अवसर पर सांख्यिकी सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कार्मिकों संयुक्त निदेशक चतुरवर्ग मालपानी, उप निदेशक दिलीप कुमार श्रीवास्तव, मोहनलाल राठौड़, सांख्यिकी अधिकारी कैलाश बियानी तथा प्रशासनिक अधिकारी पारस कुमार कटारिया का सम्मान किया गया। सभी अतिथियों ने सांख्यिकी सेवा में अपने अनुभव साझा करते हुए विभागीय कार्यों एवं आंकड़ों के महत्व पर प्रकाश डाला। अध्यक्षीय उद्बोधन में उप निदेशक डॉ. आशीष यादव ने सांख्यिकी दिवस की थीम पर प्रकाश डालते हुए प्रशासनिक आंकड़ों के प्रभावी उपयोग से व्यवहारिक एवं साक्ष्य आधारित निर्णय लेने के महत्व को विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए सभी सांख्यिकी कार्मिकों के कार्यों की सराहना की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान सूचना सहायक विजय बराला ने पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभाग द्वारा संचालित कार्यों तथा विभागीय प्रकाशनों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, सांख्यिकी निरीक्षक, संगणक एवं जिला जनगणना प्रकोष्ठ के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सूचना सहायक राहुल कुमार राणा ने किया।